ब्लॉग आर्काइव

डा श्याम गुप्त का ब्लोग...

मेरी फ़ोटो
Lucknow, UP, India
एक चिकित्सक, शल्य-चिकित्सक जो हिन्दी हिन्दू हिन्दुस्तान व उसकी संस्कृति-सभ्यता के पुनुरुत्थान व समुत्थान को समर्पित है व हिन्दी एवम हिन्दी साहित्य की शुद्धता, सरलता, जन-सम्प्रेषणीयता के साथ कविता को जन-जन के निकट व जन को कविता के निकट लाने को ध्येयबद्ध है क्योंकि साहित्य ही व्यक्ति, समाज, देश राष्ट्र को तथा मानवता को सही राह दिखाने में समर्थ है, आज विश्व के समस्त द्वन्द्वों का मूल कारण मनुष्य का साहित्य से दूर होजाना ही है.... मेरी तेरह पुस्तकें प्रकाशित हैं... काव्य-दूत,काव्य-मुक्तामृत,;काव्य-निर्झरिणी, सृष्टि ( on creation of earth, life and god),प्रेम-महाकाव्य ,on various forms of love as whole. शूर्पणखा काव्य उपन्यास, इन्द्रधनुष उपन्यास एवं अगीत साहित्य दर्पण (-अगीत विधा का छंद-विधान ), ब्रज बांसुरी ( ब्रज भाषा काव्य संग्रह), कुछ शायरी की बात होजाए ( ग़ज़ल, नज़्म, कतए , रुबाई, शेर का संग्रह), अगीत त्रयी ( अगीत विधा के तीन महारथी ), तुम तुम और तुम ( श्रृगार व प्रेम गीत संग्रह ), ईशोपनिषद का काव्यभावानुवाद .. my blogs-- 1.the world of my thoughts श्याम स्मृति... 2.drsbg.wordpres.com, 3.साहित्य श्याम 4.विजानाति-विजानाति-विज्ञान ५ हिन्दी हिन्दू हिन्दुस्तान ६ अगीतायन ७ छिद्रान्वेषी ---फेसबुक -डाश्याम गुप्त

शुक्रवार, 16 अगस्त 2013

श्याम स्मृति-१९ ..त्रिदेव .....डा श्याम गुप्त ....

                                           ....कर्म की बाती,ज्ञान का घृत हो,प्रीति के दीप जलाओ...




श्याम स्मृति-१९  ..त्रिदेव ..
            यदि त्रिदेव या ईश्वर सिर्फ कल्पना ही है तो किसने की  इतनी सुन्दर कल्पना और उस कल्पना का शिल्पी क्या त्रिदेव से कम होगा | कहानीकार, कथाकार, साहित्यकार, कवि उनकी कल्पनाओं को हम जाने क्या क्या उपमाएं देते रहते हैं | तो इस परिकल्पना का अनादर क्यों ?
 

बुधवार, 14 अगस्त 2013

अगीत की शिक्षा शाला -अगीत राष्ट्र व राष्ट्र की नवोन्नति के ---कार्यशाला ५ ....डा श्याम गुप्त

                                ....कर्म की बाती,ज्ञान का घृत हो,प्रीति के दीप जलाओ...

                                            अगीत की शिक्षा शाला -कार्यशाला-5

                                           अगीत ....राष्ट्र  व  राष्ट्र की  नवोन्नति के

 

आओ हम राष्ट्र को जगाएं 

आज़ादी का जश्न मनाना 

हमारी मज़बूरी नहीं

अपितु कर्त्तव्य है |

आओ हम सब मिलकर ,

विश्व बंधुत्व अपनाएं 

स्वराष्ट्र को प्रगति पथ पर 

आगे बढायें |                                      --------   डा रंगनाथ मिश्र 'सत्य'

 

 

खोल दो 

घूंघट के पट,

हटा दो ह्रदय पट से 

आवरण,

मिटे तमिस्रा 

हो नव विहान |            ---सुषमा गुप्ता

 

 

बेड़ियाँ तोड़ो 

ज्ञान दीप जलाओ 

नारी-अब -

तुम्ही राह दिखाओ,

समाज को जोड़ो |              -----सुषमा गुप्ता 

 

 

आओ हम अन्धकार को दूर करें 

रात और दिन  खुशी खुशी बीते

सारा संसार शान्ति पाए

अपना यह राष्ट्र प्रगतिगामी हो 

वैज्ञानिक उन्नति से 

इसको भरपूर बनाएं |                        ---डा रंग नाथ मिश्र 'सत्य'

 

 

नवयुग का मिलकर

 निर्माण करें,

मानव का मानव से प्रेम हो 

जीवन में नव बहार आये|

सारा संसार एक हो,

शान्ति और सुख में 

यह राष्ट्र लहलहाए |               --डा रंगनाथ मिश्र 'सत्य'

सोमवार, 12 अगस्त 2013

श्याम स्मृति --- श्रम के रूपभाव एवं श्रम कल और आज. और .बहु राष्ट्रीय कम्पनियाँ,... डा श्याम गुप्त ....

                                  ....कर्म की बाती,ज्ञान का घृत हो,प्रीति के दीप जलाओ... 


                    श्याम स्मृति --- श्रम के रूप भाव ..

            श्रम, मनुष्य द्वारा अपने किसी विशेष प्रयोजन के लिए किया जा रहा कर्म है| श्रम का उद्देश्य व्यष्टि या समष्टि हेतु उपयोगी उत्पादों को पैदा करना है। इसके लिए उसे अपने पूर्व के अनुभवों के आधार पर पहले मानसिक प्रक्रिया संपन्न करनी पड़ती है कि... क्या आवश्यकता है, उसके लिए क्या करना होगा, किस तरह करना होगा, एक निश्चित योजना और क्रियाओं, गतियों का एक सुनिश्चित ढ़ांचा दिमाग़ में तैयार किया जाता है तत्पश्चात उसी के अनुरूप मनुष्य कुछ निश्चित साधनों के द्वारा  शारीरिक क्रियाएं संपन्न करता है। अर्थात किसी भी उत्पाद को तैयार करने में, उत्पादन में मानसिक तथा शारीरिक क्रियाएं अंतर्गुथित होती हैं । अर्थात श्रम के मानसिक एवं शारीरिक दो रूप हैं ?  


 श्रम कल और आज.....

     प्रागैतिहासिक काल में स्त्री व पुरुष सभी स्वतंत्र व्यक्ति थे सभी क्रियाएं शिकार, फल एकत्रित करना, जानवरों से रक्षा, गुफा आदि का खोजना व निवास के सभी मानसिक प्रक्रियाएं व तदनुरूप शारीरिक क्रियाएं आदि वह मानव स्वयं ही करता था|

      जब आदि मानव ने, स्त्री-पुरुष ने साथ साथ रहना प्रारम्भ किया एवं संतानोत्पत्ति व परिवार बने तो मूलतः संतति व संग्रहीत खाद्य एवं निवास स्थान की सुरक्षा हेतु किसी एक का निवास पर रहना आवश्यक हुआ और स्त्री ने स्वयं ही तथाकथित घर पर रहने का निर्णय लिया ताकि अपेक्षाकृत बलिष्ठ पुरुष बाहर जाकर अधिकाधिक भोज्य पदार्थ प्राप्त कर सके| यह मानव इतिहास का प्रथम श्रम-विभाजन था|

        प्रारम्भिक काल में सभी क्रियाएं एक ही मनुष्य द्वारा संपन्न की जाती थी अर्थात मानसिक व शारीरिक प्रक्रियाएं एक ही व्यक्ति करता था जो काफी समय तक चलता रहा, मनुष्य स्वयं ही घर, झौंपडी, आदि बनाता था, स्वयं ही खेती करता था, अन्न घर लाता था रोटी बनाकर भोजन करता था, जानवर पालता था दुहता था व उसका स्वयं उपयोग करता था, शिकार करता था और उसका स्वयं उपयोग करता था| समाज पूर्ण रूप से स्वयं की इच्छा, मानसिक श्रम व उसके सम्पन्न करने की शारीरिक श्रम की क्रिया में स्वाधीन था|

         आगे जब मानव घुमंतू स्वभाव त्याग कर स्थिर हुआ तो आबादी बढ़ने, परिवार संस्था का विकास, सामूहिकता का विकास,  सामाजिक प्रक्रियाएं,  कृषि के विकास एवं इच्छाओं, कामनाओं की वृद्धि, धन संचय वृत्ति का विकास व आवश्यकता एवं स्वयं की आर्थिक सुरक्षा व संतान सुरक्षा भाव के विकास क्रम में समूह के कुछ लोग विशेष कौशल, बल व अर्जित विशिष्ट ज्ञान के बल पर अन्य लोगों का नेतृत्व करने लगे जो बाद में समूह के मुखिया, प्रधान व तत्पश्चात राजा बने| परन्तु यह सब सामूहिक व सामाजिक कार्य अथवा युद्ध काल हेतु था व्यक्तिगत स्तर प्रत्येक सदस्य व मुखिया भी अपना मानसिक व शारीरिक श्रम स्वयं ही करता था| समाज में श्रम के आधार पर वर्ग नहीं थे|

         प्राचीन काल में बढ़ती आबादी, इच्छाएं, मानव का सुदूर स्थानों में प्रसार व आवागमन, ज्ञान की खोज व प्रसार, समाज में विभिन्न नवीन खोजें व उन्नति के आयाम, विज्ञान, धर्म, दर्शन आदि ने विविध व्यवसाय उत्पन्न किये ....समाज में वर्ग उत्पन्न हुए बलशाली लोग, मुखिया, राजा अदि क्षत्रिय सुरक्षा के लिए, ज्ञानी जन ..ब्राह्मण धर्म, ज्ञान ,दर्शन अदि कर्म में रत हुए, अपेक्षाकृत कमजोर व शांत भाव परन्तु चतुर जन कृषि व्यवसाय में रत वैश्य कहलाये तथा निम्नतम मानसिक स्तर वाले सिर्फ शारीरिक श्रम करने वाले श्रमिक और इस द्वितीय श्रम-विभाजन में मानसिक व शारीरिक श्रम का सामान्यीकृत विभाजन हुआ| यद्यपि अपने व्यक्तिगत कार्यों  हेतु व्यक्ति स्वयं ही मानसिक व शारीरिक श्रम करता था|

         मध्ययुग में यह प्रक्रिया तेज हुई, युद्ध, द्वंद्वों के युग में राजा एकक्षत्र समाज व भूमि का स्वामी बन बैठा एवं अपने देश राष्ट्र की सुरक्षा की एवज में शारीरिकश्रम हेतु श्रमिकों सेवकों की फौज एकत्रित करने लगा देखादेखी उच्चपदस्थ व्यक्ति अपनी स्थिति का लाभ उठाकर ..विभिन्न सेनापतियों, ब्राह्मण-मंत्रियों, पुजारियों, उपदेष्टाओं का वर्ग भी शारीरिक श्रम हेतु सेवकों व सैनिकों का उपयोग करने लगा जिसमें कृषि कार्यों में भी कृषि-मजदूरों, सेवकों आदि का उपयोग होने लगा एवं मानसिक श्रम व शारीरिक श्रम अलग अलग व्यक्ति करने लगे |



       आज आधुनिक वैज्ञानिक व यांत्रिकीकरण- मशीनीकरण के युग में आर्थिक-वैश्वीकरण के कारण-- विकसित उत्पादन प्रक्रियाओं में उत्पादन का पूर्ण समाजीकरण होता जा रहा है, किसी भी उत्पाद की संपूर्ण प्रक्रियाओं का पूर्ण विलगीकरण होता जा रहा है है| श्रम की मानसिक प्रक्रियाएं, शारीरिक प्रक्रियाएं नितांत अलग-अलग व्यक्ति द्वारा होती है, और इनके भी कई टुकड़े हो जाते हैं तथा हिस्सों में बंट कर अलग-अलग व्यक्तियों के श्रम योगदान में परिवर्तित हो जाते हैं।

          इसप्रकार आज मानसिक और शारीरिक श्रम काफ़ी दूर हो गये हैं, सामान्यतः पता ही नहीं चलता कि ये किसी एक ही उत्पादन प्रक्रिया से जुड़े हैं। किसी कंपनी में कार्यरत एक व्यक्ति वायुयान की योजना बनाता है, दूसरा या अन्य कंपनी में कार्यरत उसकी मशीनीकरण प्रक्रिया पूर्ण करता है एवं श्रमिकों से उसका उत्पादन कराता है ..अन्य व्यक्ति उसके बेचने व प्रचार का भार संभालता है तब अन्य उपभोक्ता उसे उपयोग में लाते हैं|



श्रम की सामाजिक स्थिति

            प्रारम्भ में शारीरिक श्रम-प्रधान समाज था एवं उसे आवश्यक व महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त था | परन्तु आज के भौतिक-आर्थिक रूप से अति-उन्नत समाज में श्रम को अलग-अलग महत्त्व दिया जाता है। शारीरिक श्रम को हेय दृष्टि से देखा जाता है वहीं मानसिक श्रम को ऊंचा दर्ज़ा प्राप्त है। साधन संपन्न लोग उत्पादन प्रक्रियाओं के मानसिक पहलू पर अपना आधिपत्य और एकाधिकार बनाए रखने की कोशिश करते हैं, ताकि अन्य लोगों को हेय शारीरिक श्रम में लगाए रखा जा सके और वे उससे बचे रह सकें। पढ लिखकर ऊंचे ओहदों और कार्यों के लिए गलाकाट प्रतिस्पर्धा में इसका यही भाव देखा जा सकता है, यह व्यवस्था उन्हें लूट के अधिक हिस्से का, लाभ बनाए रखने में मदद करती है |



        वास्तव में तो श्रम के ये अलग-अलग रूप व दर्ज़ा एक भ्रम  ही  है जो स्वयं को सामान्य श्रमिक  वर्ग से अलग और शासक वर्ग के साथ निकटता महसूस करने के लिए होता है। वस्तुतः मानसिक श्रम करने वाले वर्ग भी अपने जीवनयापन के लिए अपना श्रम ( चाहे मानसिक श्रम ही ) बेचकर ही गुजारा करते हैं तो वर्गीय दृष्टि से वे भी श्रमिक वर्ग में ही आते हैं। परंतु वे थोड़ा अधिक फैंका हुआ हिस्सा पाते हैं, इसलिए अधिक साधन संपन्न हो जाते हैं और अपने को प्रभुत्वशाली वर्ग के पास पाते हैं, वैसा ही बन जाने या बन पाने के सपने रचते हैं, जो उन्हें शारीरिक श्रम करने वालों से अलग, श्रेष्ठ होने का सुक़ून देता है।  यह भ्रम व्यवस्था द्वारा  और पोषित किया जाता है| मानसिक श्रम वालों को अधिक हिस्सा प्रदान करके, ताकि उनकी प्रतिरोधी चेतना कुंद रहे एवं जन-सामान्य व कार्मिक-वर्ग में फूट बनी रहे तथा उनमें सक्षम नेतृत्व उभरने की संभावनायें कम रहें |  आज बहु-राष्ट्रीय कंपनियों द्वारा अपने कर्मियों को –प्रबंधकों आदि को मोटी-मोटी तनखाएँ व पे एंड पर्क्स के रूप में अकूत धन देना इसी तंत्र का हिस्सा है |

रविवार, 11 अगस्त 2013

जीवन तो सृजन के लिए......अगीत की शिक्षा-शाला - कार्यशाला-2 ....डा श्याम गुप्त .... .

                             
                                        ....कर्म की बाती,ज्ञान का घृत हो,प्रीति के दीप जलाओ...

जीवन तो सृजन के लिए......अगीत की शिक्षा शाला 

- कार्यशाला-2 ....डा श्याम गुप्त ....

                 (   'अगीत पांच से दस तक पंक्तियों वाली अतुकांत कविता है 

जिसमें मात्रा व तुकांत बंधन नहीं है | यह एक वैज्ञानिक पद्धति है वर्तमान में 
सामाजिक सरोकारों व उनके समाधान केलिए विद्रोह है, एक नवीन खोज है | )
 -----कुछ प्रसिद्ध अगीत प्रस्तुत हैं.......

जीवन तो सृजन के लिए
कुछ तो करना होगा मन,
यूंही  न छूट जाए श्वांस
अपने में जीवित विश्वास,
सार्थक होजायेगा तन
मधुवन तो भजन के लिए |    ------ डा रंग नाथ मिश्र 'सत्य;'

दिन वो काफूर हो गए,
जब से तुम ओझल   होगये,
सारे संवंध ढल गए ,
पीडाओं ने डेरा डाला
जीवन में द्वंद्व बढ गए ;
मिलाने जो आते थे प्रायः
वही आज दूर होगये |           ------ डा रंग नाथ मिश्र 'सत्य;'


पावर कट
पर्यावरण सुधार की  दिशा में 
क्रियात्मक उपाय सुझाती है,
हाथ के पंखे, पेड़ की छाँह की
ठंडी हवा का आनंद दिलाती है
ऐसी फ्रिज कूलर पंखे आदि भौतिक सुखों की
निरर्थकता दिखाती है
गावं की याद दिलाती है,
हमें अट्ठारहवीं उन्नीसवीं सदी में पहुंचाती है |           ...... डा श्याम गुप्त

जीवन
निरंतर सृजन का नाम है
सृजन की निरंतरता ठहराने पर,
जीवन ठहर जाता है ;
ठहराना अगति है
गति बिना जीवन कहाँ रह जाता है |                 ..... डा श्याम गुप्त

हरा भरा नहीं कर पाया
सूखे केट को ननकू ,
सरकार का पैसा भी नहीं देपाया;
अतः समाप्त करली-
यह जीवन लीला उसने,
और मुक्त होगया
दोनों समस्याओं से |                                      ...... पार्थो सेन ( अगीत माला से )


न मृत्यु थी न अमरता
न रात्रि  न दिवस के चिन्ह ,
उस समय भी
अपने स्वभाव से अनाश्रित श्वांस
वह एक अकेला लेता था
शायद वही ईश्वर था |                                .... धुरेन्द्र स्वरुप विसरिया 'प्रभंजन'

तुम मेरा दिल लगाये
फिर भी मैं जीवित हूँ,
यही क्या कम है |
बिछोह की व्यथा सहकर
भी जीवित रहना मेरा-
अतुलनीय पराक्रम है |                               ... सुरेन्द्र कुमार वर्मा 


----- अगीत पर आगे मेरे  ब्लॉग अगीतायन ( http://ageetayan.blogspot.com)  पर देखें  ....
               

बुधवार, 7 अगस्त 2013

दोहे इकतीसा ----डा श्याम गुप्त.....

                  ....कर्म की बाती,ज्ञान का घृत हो,प्रीति के दीप जलाओ...



            डा श्याम गुप्त के दोहे....

आदि अभाव अकाम अज, अगुन अगोचर आप,
अमित अखंड अनाम भजि,श्याम मिटें त्रय-ताप |   

त्रिभुवन गुरु औ जगत गुरु, जो प्रत्यक्ष सुनाम,
जन्म मरण से मुक्ति दे, ईश्वर करूं  प्रणाम | 

हे माँ! ज्ञान प्रदायिनी,ते छवि निज उर धार,
सुमिरन कर दोहे रचूं, महिमा अपरम्पार |  

श्याम सदा मन में बसें, राधाश्री घनश्याम,
राधे  राधे नित जपें, ऐसे श्रीघनश्याम | 

अंतर ज्योति जलै प्रखर, होय ज्ञान आभास,
गुरु जब अंतर बसि करें,गोविंद नाम प्रकाश | 

शत शत वर्षों में नहीं, संभव निष्कृति मान,
करते जो संतान हित, मातु-पिता वलिदान |

धर्म हेतु करते रहें ,काव्य साधना कर्म,
जग को दिखलाते रहें, शुभ कर्मों का मर्म |  

श्याम जो सुत हो एक ही,पर हो साधु स्वभाव,
कुल आनंदित रहे ज्यों, चाँद-चांदनी भाव |    

नारी सम्मति हो जहां, आँगन पावन होय,
कार्य सकल निष्फल वहां, जहां न आदर सोय|  

हितकारी भोजन करें,खाएं जो ऋतु योग्य,
कम खाएं पैदल चलें, रहें स्वस्थ आरोग्य |   

अपने लिए कमाय औ, केवल खुद ही खाय,
श्याम पापमय अन्न है, जो न साधु को जाय |  

काव्य स्वयं का हो लिखा, माला निज गुंथ पाय,
चन्दन जो निज कर घिसा, अति ही शोभा पाय|  

आयु कर्म धन विद्वता, कुल शोभा अनुसार,
उचित वेश धारण करें, वाणी बुद्धि विचार |      

 सबको निज में देखता, निज को सब में जान,
सोई रूप अभेद है, श्याम यही है ज्ञान |      

विद्या धर्म अकाम्यता, वेद-विहित सब कर्म,
ज्ञान-कर्म के योग में, निहित सनातन धर्म |   

कर्म के फल की कामना,माने उचित न कोय,
लेकिन पूर्ण अकाम्यता,श्याम न जग में होय |   

फल की जो इच्छा नहीं, धर्माधर्म अलिप्त,
राग द्वेष दुःख से परे, सोई जीवन्मुक्त |    

ज्ञाता ज्ञान औ ज्ञेय का, भेद रहे नहिं रूप,
वह तो स्वयं प्रकाश है, परमानंद स्वरुप |   

सींचे बिन मुरझा गयी, सदाचार की मूल,
श्याम कहाँ फूलें फलें, संस्कार के फूल | 

इस संसार असार में, श्याम प्रेम ही सार,
प्रेम करे दोनों मिलें, ज्ञान और संसार |  

तिर्यक भाव व कर्म को, चित लावे नहिं कोय,
मन लावै तो मन बसे, श्याम त्रिभंगी सोय |  

घिरी परिजनों से प्रिया, बैठे हैं मन मार,
पर चितवन से होरहा, नयनों का व्यापार |   

झूठहि  उठना बैठना, झूठ मान सम्मान,
अब है झूठ सा अवगुण, श्याम’ गुणों की खान |  

घर को सेवै सेविका, पत्नी सेवै अन्य,
छुट्टी लें तब मिल सकें, सो पति-पत्नी धन्य |  

श्याम सुखद दोउ भाव हैं, या सोने के रंग,
सोहे रजनी अंक, और सोहे सजनी अंग |    

पनघट ताल कुआ मिटे, मिटी नीम की छांह,
इस विकास के कारने, उजड़ा सारा गाँव |    

चन्द्र दरस को सुन्दरी, घूंघट लियो उघारि ,
चित चकोर चितबत चकित, दो दो चन्द्र निहारि|  

भ्रकुटि तानि बरजै सुमुखि, मन ही मन ललचाय,
पिचकारी ते श्याम की, तन मन सब रंगि जाय

अपनी लाज लुटा रही, द्रुपद-सुता बाज़ार,
इन चीरों का क्या करूँ, कृष्ण खड़े लाचार |  

ईश्वर अल्लाह कब मिले, हमें झगड़ते यार,
फिर मानव क्यों व्यर्थ ही करता है तकरार |  

सर्द पश्चिमी हवा में, ठिठुरा हिन्दुस्तान,
लिए पूर्वी धूप अब, उगें सूर्य भगवान |