ब्लॉग आर्काइव

डा श्याम गुप्त का ब्लोग...

मेरी फ़ोटो
Lucknow, UP, India
एक चिकित्सक, शल्य-चिकित्सक जो हिन्दी हिन्दू हिन्दुस्तान व उसकी संस्कृति-सभ्यता के पुनुरुत्थान व समुत्थान को समर्पित है व हिन्दी एवम हिन्दी साहित्य की शुद्धता, सरलता, जन-सम्प्रेषणीयता के साथ कविता को जन-जन के निकट व जन को कविता के निकट लाने को ध्येयबद्ध है क्योंकि साहित्य ही व्यक्ति, समाज, देश राष्ट्र को तथा मानवता को सही राह दिखाने में समर्थ है, आज विश्व के समस्त द्वन्द्वों का मूल कारण मनुष्य का साहित्य से दूर होजाना ही है.... मेरी तेरह पुस्तकें प्रकाशित हैं... काव्य-दूत,काव्य-मुक्तामृत,;काव्य-निर्झरिणी, सृष्टि ( on creation of earth, life and god),प्रेम-महाकाव्य ,on various forms of love as whole. शूर्पणखा काव्य उपन्यास, इन्द्रधनुष उपन्यास एवं अगीत साहित्य दर्पण (-अगीत विधा का छंद-विधान ), ब्रज बांसुरी ( ब्रज भाषा काव्य संग्रह), कुछ शायरी की बात होजाए ( ग़ज़ल, नज़्म, कतए , रुबाई, शेर का संग्रह), अगीत त्रयी ( अगीत विधा के तीन महारथी ), तुम तुम और तुम ( श्रृगार व प्रेम गीत संग्रह ), ईशोपनिषद का काव्यभावानुवाद .. my blogs-- 1.the world of my thoughts श्याम स्मृति... 2.drsbg.wordpres.com, 3.साहित्य श्याम 4.विजानाति-विजानाति-विज्ञान ५ हिन्दी हिन्दू हिन्दुस्तान ६ अगीतायन ७ छिद्रान्वेषी ---फेसबुक -डाश्याम गुप्त

शनिवार, 14 सितंबर 2013

भाषा, हिन्दी, छंद, साहित्य एवं काव्य –----हिन्दी दिवस पर विशेष......डा श्याम गुप्त ...

                                     ....कर्म की बाती,ज्ञान का घृत हो,प्रीति के दीप जलाओ...



                 भाषा,   हिन्दी,  छंद, साहित्य  एवं काव्य ----हिन्दी दिवस पर विशेष

भाषा ..
         संकेतों की ध्वन्य एकार्थ (मोनोसिलेबिक ) भाषा .में  अलग-अलग चिन्ह या अक्षर में पूर्ण अर्थ निहित होता है यथा – प =पानी तथा .....सम्मिश्र (एग्लूटीनेटेड) = जिसमें अक्षर यूंही जोड़कर अर्थ व कथ्य बनाते हैं यथा... प+न = पानी ..एवं . उन्नत भाषा जिसमें...वैज्ञानिक उन्नत शब्द युग्म होते हैं ..जो भावों के प्रदर्शन में सक्षम हैं उसे   भाव- समन्वयक (इन्फ्लेक्टेड) भाषा कहा गया है|

          यह उन्नत भाषा सेमेटिक एवं इंडो-योरपियन दो मूल भागों में वर्णित की गयी है जिसमें
सेमेटिक ---द.प.एशिया ..हिब्रू, अरबी, मिस्री आदि में आधुनिक समय में ...सिर्फ अरबी बची है... एवं
इंडो-योरोपियन जो वस्तुतः आर्यन-संस्कृत है जो विश्व की प्राचीनतम भाषा है जो ...  
        (अ).आर्यन... इंडियन --->वैदिक संस्कृत--->लौकिक संस्कृत---> भारतीय भाषाएँ ---> हिन्दी ....तथा ईरानियन - अवेस्तन संस्कृत हुई |
        (ब) ग्रीक व इटेलिक परिवार ..लेटिन –-> योरोपियन भाषाएँ ...एवं  
        (स) स्लाविक, लेटिक, सेल्टिक – भाषाओं में विकसित हुईं | अर्थात संस्कृत विश्व की प्राचीनतम व सर्वप्रथम उन्नत भाषा है और हिन्दी उसकी आधुनिकतम शाखा है |


हिन्दी

हिन्दी के एतिहासिक एवं वर्त्तमान परिदृश्य-को चार भागों में बांटा जा सकता है-----

           १.पूर्व गांधी काल   २. गांधी युग    ३. नेहरू युग      ४. वर्त्तमान परिदृश्य ....   गोस्वामी तुलसी दास जी ने सर्वप्रथम 'रामचरित मानस'  संस्कृत की अपेक्षा हिन्दी में रचकर हिन्दी को भारतीय जन-मानस की भाषा बनाया हिन्दी तो उसी समय राष्ट्र भाषा होगई थी जब घर-घर में राम चरित मानस पढी और रखी जाने लगी ‘भारतेंदु युग’ , द्विवेदी युग’ में हिन्दी के प्रचार-प्रसार से देश भर में हिन्दी का प्रभाव लगातार बढ़ता रहा यहाँ तक कि एक समय मध्यप्रांत में एवं बिहार में हिन्दी निचले दफ्तरों व अदालतों की सरकारी भाषा बन चुकी थी|  मैकाले की नीति से रंग व रक्त में हिन्दुस्तानी किन्तु रूचि, चरित्र, बुद्धि व चिंतन से अंग्रेजों की फौज खडी करने के लिए अंग्रेज़ी का प्रचार-प्रसार व हिन्दी की उपेक्षा से हिन्दी विरोधी पीढियां उत्पन्न हुईं ....हिन्दी के पिछड़ने की परिस्थितियाँ उत्पन्न हुई |

      गांधी जी के आविर्भाव के युग में हिन्दी को लगभग सारे राष्ट्र ने खुले दिल से स्वीकार किया | बाद में वे स्वयं हिन्दी की बजाय हिन्दुस्तानी के पक्षधर होगये  और हिन्दी के प्रचार-प्रसार को धक्का लगा | कांग्रेस पर विदेशों में पढ़े लिखे व अंग्रेज़ी पढ़े लोगों के वर्चस्व से नेहरू जी के आविर्भाव के युग में हिन्दी विरोध के स्वर मुखर होने लगे|
  
              आज़ादी के बाद महत्वपूर्ण पदों पर अंग्रेज़ी में पारंगत व पाश्चात्य जीवन शैली वाले व्यक्तियों के पहुँचने से जनता में यह सन्देश गया कि अंग्रेज़ी के बिना देश का काम नहीं चलेगा| यद्यपि दक्षिण भारत सहित पूरे देश में हिन्दी का कहीं विरोध नहीं था |
            आज हिन्दी भाषा का परिदृश्य यह है कि यद्यपि देश में सिर्फ २-३ % लोग अंग्रेज़ी जानने वाले हैं तथा साक्षरता विकास के साथ-साथ हिन्दी के समाचार पत्रों आदि का वितरण अंग्रेज़ी समाचारपत्रों की अपेक्षा काफी बढ़ रहा है, उत्तर से दक्षिण,पूर्व से पश्चिम समस्त देश में हिन्दी बोली, पढ़ी व समझी जाने लगी है ; परन्तु नव-साक्षरों का सांस्कृतिक स्तर सामान्य ही है, उनमें उच्च सांस्कृतिक कृतियाँ पढ़ने-समझने की क्षमता नहीं है| इसका कारण है कि हिन्दी के राजभाषा होते हुए भी, समाज के सबसे ऊपरी श्रेष्ठ व्यक्तित्व एवं निर्णय करने वाले उच्च अधिकारी की भाषा आज भी अंग्रेज़ी है, उनके प्रेरणा श्रोत व आदर्श पश्चिमी विचार व साहित्य है|

         आज अंग्रेज़ी सिर्फ हिन्दी ही नहीं अपितु क्षेत्रीय भाषाओं को भी प्रभावित कर रही है| माताओं के अंग्रेज़ी भाषी होने से बच्चों की घरेलू भाषा अंग्रेज़ी होती जारही है|         
       भोजपुरी, अवधी, आदि हिन्दी की विविध क्षेत्रीय बोलियों को पृथक भाषा के रूप में प्रस्तुत करने से हिन्दी के प्रसार में बाधा हिन्दी का एक और दुर्भाग्य है |

छंद .. छंदोबद्ध-कविता, अतुकांत-छंद व अगीत छंद.... -
          बचपन में हम जो पिता, माता, गुरु कहते हैं वही करते हैं, वही कर पाते हैं नियम और अनुशासन का पालन करते हैं, और वही करना ही चाहिए | बड़े होने पर वे ही बच्चे माँ, पिता, गुरु से भी आगे निकल जाते हैं, पुरा से आगे नए-नए क्षितिज निर्माण करते हैं | स्वयं गुरु भी बनते हैं | उसके लिए बचपन में अनुशासन का पालन करना एवं पुरा अनुभव ज्ञान को मान्यता देना आवश्यक होता है | सीढी के पिछले पायदान पर खड़े होकर अगले पायदान पर चढना ही प्रगति है | मूल प्राकृतिक मानवता के शाश्वत नियम  जिन्हें कभी भी, कोई भी नहीं बदल सकता एवं उनके क्रियान्वन नियम  दोनों में अंतर होता है  और वे क्रियान्वन नियम समयानुसार बदले जा सकते हैं, बदलने ही चाहिए आवश्यकता एवं युगानुसार ...  यही प्रगति है |
       यही बात काव्य साहित्य के परिप्रेक्ष्य में भी सत्य है, काव्यानुशासन छन्दानुशासन के लिए भी है | आखिर काव्य है क्या..... गद्य क्या है..कविता क्या है ?  मानव ने जब सर्व प्रथम बोलना   प्रारम्भ किया होगा तो वह गद्य-कथन ही था, तदुपरांत गद्य में गाथा | अपने कथन को विशिष्ट, स्व पर आनन्ददायी, अपनी व्यक्तिगत प्रभावी वक्तृता शैली बनाने एवं स्मरण हेतु उसे सुर,लय, प्रवाह, गति देने के प्रयास में पद्य का, गीत का जन्म हुआ | चमत्कार पूर्ण और अधिक विशिष्ट बनाने हेतु विविध छंदों की उत्पत्ति हुई और तत्पश्चात छन्दानुशासन की | विश्व में सबसे प्राचीनतम वैदिक साहित्य में गद्य पद्य दोनों ही अनुशासन उपस्थित हैं दोनों ही अतुकांत छंद, तुकांत छंद, विविध छंद युक्त एवं लय, गति, गेयता ताल-वृत्तता से परिपूर्ण हैं | कालांतर में समय-समय पर उत्तरोत्तर जाने कितने नए-नए छंद आदि बने, बनते गए बनते रहेंगे |  अर्थात अनुशासन नियम कोई जड तत्व या संस्था नहीं अपितु निरंतर उत्तरोत्तर प्रगतिशील भाव है | व्यष्टि समष्टि नियम के लिए नहीं अपितु नियम अनुशासन व्यष्टि समष्टि के लिए होते हैं एवं उनके अनुरूप होते हैं | काव्य-विधा या कविता का मूल भाव-तत्व सुर, लय गेयता है | अन्य सब उप-नियम विधान आदि परिवर्तनशील हैं|  अतः यदि कोई कविता या पद्यांश सुर, लय गेयता युक्त है, आनंदमय है - तो वह काव्य है और वह किसी भी विशिष्ट छंदीय मूल उपविभागों में अवस्थित है तो उस विशिष्ट विधा छंदों के उपनियमों आदि की अत्यधिक चिंता नहीं करनी चाहिये ...अन्यथा यह जडता स्वयं उस छंद आदि, विधा, भाषा साहित्य के लिए प्रगति में बाधक होती है |


 खांचों में बंटा साहित्य
                  आजकल साहित्य के क्षेत्र में विशेष…..कारों के विभिन्न खांचे बन गए हैं जिनमें फिट बैठने वाले कवि, लेखक, साहित्यकार को कोई पूछता ही नहीं | अब व्यंगकार हैं, हास्य-कवि हैं, हास्य व्यंगकार हैं, स्त्री-विमर्श लेखक हैं...लेखक हैं ..लेखिकाएं हैं, कवि-कवियत्री हैं...गद्यकार है पद्य रचनाकार हैं .....दलित-लेखक-कवि-साहित्यकार हैं ...ओज के, श्रृंगार के,...छंदकार, सनातन-छंदकार,  दोहाकार, गीतकार, नव-गीतकार, भजन गायक, कहानीकार, उपन्यासकार , बाल साहित्यकार , निबंधकार , समीक्षाकार हैं....  नयी विधा के कवि...अगीतकार भी हैं जो यद्यपि एक अलग किस्म की ही विधा है अतः स्थापित कवि साहित्यकार ही अगीत लिख पारहे हैं| अब तो प्रिंटर , प्रकाशक, सम्पादक, संवाददाता, संवादवाहक, समाचारपत्र विक्रेता, कालम लेखक आदि सभी साहित्य-लेखक होगये हैं | इन खांचों के बीच में जो एक साहित्यकार नाम का सम्पूर्ण सामाजिक जीव हुआ करता था जो साहित्य की हर  दिशा, हर विधा पर दखल रखता था कहीं दिखाई ही नहीं पड़ता |
                  पुरा युग से स्वतन्त्रता पूर्व के युग तक  विद्वान् गद्य पद्य सभी विधाओं में कहा-लिखा-रचा करते थे वे पूर्ण साहित्यकार थे | हिन्दी में भी सभी विद्वान् साहित्यकार गद्य, पद्य, कहानी, कथा, उपन्यास सब कुछ लिखा करते थे | उर्दू साहित्य के अवतरण के साथ सभी साहित्यकार ग़ज़ल, गीत, गद्य-पद्य सभी कुछ लिखने लगे|  आज़ादी के प्रारम्भिक समय में भी साहित्यकार सर्व-विधायी थे | वे सम्पूर्ण साहित्यकार थे | परन्तु आज़ादी के फल मिलते ही  सभी क्षेत्रों की भांति साहित्य में भी तेजी से प्रगति हुई और साहित्य जाने कितने नए-नए खांचों में बंटने लगा |
                 मुझे याद है कि हिन्दी के प्रश्नपत्रों में ---तुलसी की सामाजिक दृष्टि, तुलसी का बात्सल्य वर्णन, तुलसी का श्रृंगार, तुलसी की दलित चेतना , तुलसी की नारी, तुलसी के छंद-शास्त्रीय समीक्षा, भारतेंदु के नाटकों की समीक्षा, भारतेंदु की कविता का सौंदर्य.... प्रसाद की कविता में नारी, प्रसाद की औपन्यासिक दृष्टि...आदि आदि प्रश्न पूछे जाते थे.....| अब कहाँ एसे सम्पूर्ण साहित्यकार ?  अब तो दलित चेतना के कवि.... स्त्री-विमर्श के लेखक , आज की नारी लेखिकाएं, प्रगतिशील साहित्य के लेखक , प्रगतिवादी कवि...गीतकार,... छंदकार, दोहाकार  ...व्यंगकार, हास्य-कवि  आदि विशेष-ज्ञाता, विशेषज्ञता (या.विशेष+अज्ञता) के विभिन्न खांचों में बंटे  कारों  की बात होती है |    


 काव्य क्या है....
     सभी के अनुभव व विचार लगभग समान ही होते है | ज्ञान भी सामान हो सकता है परन्तु विचारों की गंभीरता, सूक्ष्मता, निरीक्षण की गहनता, चिंतन, व अभिव्यंजना सभी की पृथक पृथक होती है | इसीलिये मानव समूह में साहित्यकार, विद्वान्, विचारक, चिन्तक, ज्ञानी, सामान्य आदि वर्ग होते हैं| यथा ...
सर्व ज्ञान संपन्न विविधि नर,
सभी एक से कब होते हैं  |
अनुभव श्रृद्धा तप व भावना,
होते सबके भिन्न  भिन्न हैं |
भरे जलाशय ऊपर समतल,
होते ऊंचे -नीचे तल में ||    ---शूर्पणखा काव्य-उपन्यास से
     सामान्य व्यक्ति की भाषा विवरणात्मक होती है तो कवि की भाषा में विशिष्टता व भावों व शब्दों की संश्लिष्टता होती है सामान्य भाषा में जो तथ्य मान्य नहीं हो सकते वे काव्य की भाषा में भावालंकार रूप में सौन्दर्ययुक्त व मान्य माने जाते हैं | कविवर रविंद्रनाथ टेगोर का कथन है कि...
        हृदयवेग में जिसकी सीमा नहीं मिलती उसको व्यक्त करने के लिए सीमाबद् भाषा का घेरा तोड देना पडता है, यह घेरा तोड देना ही कवित्व है।‘
        
         सामान्य भाषा में निश्चित अर्थात्मक तथ्य होते हैं, यथा.... मनुष्य चलता है, पेड़ों की डालियाँ हवा में हिलती हैं, चिडिया उड़ती है, घोड़ा दौडता है आदि..... वहीं कविता में पेड डालियाँ रूपी गर्दन हिलाते हैं, घोड़ा हवा से बातें करता है | अर्थात काव्य में जड़ तत्वों की भाव ग्राहयता के साथ सौन्दर्य भी है।  सामान्य  भाषा को विशिष्ट भाव-शब्द देने के कारण उत्पन्न होने वाली सौन्दर्यमय, भाव-सम्प्रेषणात्मकता युक्त सर्जनात्मक भाषा कविता व साहित्य की भाषा है। कविता में भाषा की सर्जनात्मकता, भाषा व कथ्य के निश्चित अर्थ के विपरीत शब्द-भावों का लाक्षणिक प्रयोग करके भिन्न सौन्दर्यमय अर्थवत्तात्मकता उत्पन्न की जाती है। यही काव्य है।

१४-०९-२०१३ बेंगलोर



   


 

मंगलवार, 10 सितंबर 2013

प्रेस्टिज शान्तिनिकेतन, बेंगलोर निवासी संस्था द्वारा गणेश-उत्सव का प्रारम्भ ...डा श्याम गुप्त

                                 ....कर्म की बाती,ज्ञान का घृत हो,प्रीति के दीप जलाओ...

                      प्रेस्टिज शान्तिनिकेतन, बेंगलोर  निवासी संस्था द्वारा गणेश-उत्सव का धूमधाम से  प्रारम्भ किया गया |  प्रथम पूज्य गणपति  के शुभागमन पर अत्यंत भव्य व सुन्दर गणेश प्रतिमा की  समस्त आवासीय परिसर में शोभायात्रा निकाली गयी  एवं  क्लब हाउस के सभाकक्ष में प्रतिमा की पूजा एवं आरती व मंत्रोच्चार के साथ विधिवत स्थापना के पश्चात निवासियों - बच्चों, युवाओं व महिलाओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गए |
                        समारोह का मुख्य आकर्षण मुख्य अतिथि सुप्रसिद्ध कत्थक नृत्यांगना श्रीमती वाणी गणपति थीं  जिन्होंने सांध्यकालीन आरती व प्रसाद वितरण में भाग लिया | बच्चों के कार्यक्रम के अतिरिक्त भरत नाट्यम, दीपक-नृत्य एवं कत्थक प्रस्तुत किये गए  | रीना गुप्ता, सपना गोविल एवं आभा गुप्ता द्वारा प्रस्तुत कत्थक नृत्य की काफी सराहना की गयी |
गोपिकाओं के मध्य कृष्ण का वंशी वादन---कत्थक नृत्य

प्रथम पूज्य  गणपति

बाल-नृत्य

सुप्रसिद्ध नृत्यांगना वाणी गणपति

रीना गुप्ता ,सपना गोविल व आभागुप्ता ...कत्थक नृत्य
                      नृत्यांगना  श्रीमती वाणी गणपति द्वारा अपने अतिथि वक्तव्य में नृत्य क्या है की व्याख्या करते हुए  रीना गुप्ता के नेतृत्व में किये गए कत्थक भूरि -भूरि की प्रशंसा की गयी |

गुरुवार, 5 सितंबर 2013

कर्नाटक हिन्दी प्रचार समिति, बेंगलोर द्वारा शिक्षक दिवस समारोह ....डा श्याम गुप्त ....

                             ....कर्म की बाती,ज्ञान का घृत हो,प्रीति के दीप जलाओ...



             कर्नाटक हिन्दी प्रचार समिति, बेंगलोर द्वारा शिक्षक दिवस समारोह
           भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं प्रसिद्द शिक्षाविद व दार्शनिक विद्वान् डा सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्म दिवस, “शिक्षक दिवस” गुरूवार दि.०५-०९-२०१३ पर कर्नाटक हिन्दी प्रचार समिति, जयनगर, बेंगलोर द्वारा समिति के मंत्री एवं समिति द्वारा संचालित ‘हिन्दी शिक्षक-प्रशिक्षण महाविद्यालय’ के प्रधानाचार्य डा वि रा देवगिरी की अध्यक्षता में एक भव्य समारोह आयोजित किया गया | समारोह के मुख्य अतिथि डा श्याम गुप्त, लखनऊ एवं विशिष्ट अतिथि संस्कृत के विद्वान् एवं कन्नड़ के प्राध्यापक प्रोफ.शंकर नारायण भट्ट थे |
         अतिथियों द्वारा मां सरस्वती एवं डा.राधाकृष्णन के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के पश्चात वाणी-वन्दना एवं वेदवाणी-घोष किया गया| तत्पश्चात समिति के अध्यक्ष द्वारा अतिथियों डा श्याम गुप्त एवं प्रोफ शंकर नारायण भट्ट का अंगवस्त्र व पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया | शिक्षकों एवं प्रशिक्षु शिक्षकों द्वारा कन्नड़ एवं हिन्दी में शिक्षक-दिवस पर अपने विचार व आलेख प्रस्तुत किये गए | शिक्षकों को भेंट प्रदान करके उनका सम्मान भी किया गया | अध्यक्ष एवं अतिथियों द्वारा अपने व्याख्यानों के पश्चात प्रशिक्षुओं द्वारा विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गए जिनमें जल संरक्षण, ग्लोबल वार्मिंग जैसे सामयिक विषयों पर नृत्य नाटिकाएं एक मुख्य आकर्षण रहीं  |
         अपने स्वागत भाषण में डा देवगिरी जी ने शिक्षक-दिवस की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए अतिथियों का विस्तृत परिचय दिया | हिन्दी भाषा एवं साहित्य पर वक्तव्य देते हुए अतिथियों के व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने डा श्यामगुप्त द्वारा रचित हिन्दी कविता की विशेष धारा ‘अगीत-कविता ‘ के छंद विधान “अगीत साहित्य दर्पण” की विवेचनात्मक व्याख्या करते हुए अगीत कविता क्या है इसकी विविध उदाहरणों को गेय-रूप में सुनाकर उनकी व्याख्या की |
       डा शंकर नारायण ने अपने कन्नड़ भाषा में दिए हुए वक्तव्य में गुरु की महिमा पर हिन्दी, संस्कृत एवं कन्नड़ भाषाओं में दिए गए विविध उदाहरणों द्वारा विस्तृत प्रकाश डाला |
       डा श्याम गुप्त ने अपना वक्तव्य...  स्वरचित काव्यांश...  ‘सारा जग सुन्दर अति सुन्दर, पर भारत की बात निराली |’ ...से प्रारम्भ करते हुए जगदगुरु भारत की महत्ता एवं भारतीय संस्कृति व देश एवं भाषा की प्राचीनता पर प्रकाश डालते हुए गुरु की महत्ता, सर्वगुरु ईश्वर, सतगुरु, त्रिगुरु- माता, पित़ा, गुरु की व्याख्या करते हुए सुनाया  
        एक शब्द भी ज्ञान का हमको देय बताय,
        श्याम ताहि गुरु मानकर,चरणों शीश नवाय|  
इसके साथ ही उन्होंने गुरु की महिमा में स्वरचित एक ‘पद’ एवं एक ‘कारण कार्य व प्रभाव गीत’ भी प्रस्तुत किया|
       कर्नाटक हिन्दी समिति के हिन्दी प्रसार कार्य का उल्लेख करते हुए एवं हिन्दी-भाषा व


अगीत के बारे में चर्चा करते हुएडा वि रा देवगिरी

मंचस्थ अतिथिगण


वन्दना

जल संरक्षण पर कन्नड़ नृत्य-नाटिका
साहित्य की बात करते हुए डा श्याम गुप्त के विचार थे कि साहित्य मानव को मानव बनाने में सक्षम है आज के विविध द्वेष-द्वंद्वों का कारण हमारा साहित्य से दूर होजाना ही है | समस्त भाषाएँ विश्व की प्राचीनतम भाषा संस्कृत से ही प्रादुर्भूत हुई हैं, हिन्दी भी ..अतः हिन्दी सहित किसी भी भारतीय भाषा-भाषी को दक्षिण भारतीय भाषाओं का पूर्ण ज्ञान न होते हुए भी संस्कृत-निष्ठ होने के कारण वे कुछ न कुछ अवश्य समझ में आती हैं |
       अंत में डा देवगिरी जी ने सभी का धन्यवाद ज्ञापन किया|
  

बुधवार, 4 सितंबर 2013

ज़न्नत की हकीकत....अंकल सैमकी गाथा कथा, आधुनिक बैकुंठ ....डा श्याम गुप्त

                                          ....कर्म की बाती,ज्ञान का घृत हो,प्रीति के दीप जलाओ...

                         ज़न्नत की हकीकत वयां करती अंकल सैम की गाथा कथा  .... आज के हमारे तथाकथित आधुनिक समाज की वस्तुस्थिति को व्याख्यायित करती वरिष्ठ कवि श्री रमेश  जोशी की एक सुन्दर कविता....आधुनिक बैकुंठ....गर्भनाल पत्रिका के नवीनतम अंक .सितम्बर २०१३ .के सौजन्य से यहाँ  प्रस्तुत है , मुझे कविता बहुत सामयिक एवं समीचीन प्रतीत हुई अतः पुनर्प्रसारित करना अच्छा लगा....यद्यपि कविता में समस्या का सम्पूर्ण सांगोपांग वर्णन है और  समाधान की स्पष्ट दिशा प्रतीत नहीं होती परन्तु काव्य-भाव में ओत-प्रोत, समाधान की मूल दिशा 'स्व-इतिहास, स्व-संस्कृति की स्वीकृति' निश्चित ही निर्दिष्ट होती है.... आपके विचार आमंत्रित हैं.........
   ---- चित्र पर क्लिक करके पढ़ें |


मंगलवार, 3 सितंबर 2013

श्याम स्मृति....काव्य रचना .....डा श्याम गुप्त .....

                     
                                ....कर्म की बाती,ज्ञान का घृत हो,प्रीति के दीप जलाओ...


  
 श्याम स्मृति.........
                                                    काव्य-रचना ---
                   दिन प्रतिदिन के लौकिक व्यवहार जीवन मार्ग  
पर चलते -चलते व्यक्ति विभिन्न विचारोंघटनाओं, मत-मतान्तरों,  
व्यंजनाओं, वर्जनाओं, प्रश्नों, सामाजिक सरोकारों से दो-चार होता है |  
जिज्ञासु  वैचारिक मन इन सभी को अपने अनुभव, ज्ञान कर्म से  
तौलता है | अपने अंतर के आलोक से  अपना मत निर्धारित स्थापित  
करता है जो स्थापित मतों, विचारों भावों से पृथक भी हो  सकता है ,  
और उनके समान भी | वही विचार जब माँ वाग्देवी सरस्वती की कृपा 
-दया से लेखनी  के माध्यम से कागज़ पर उतरते हैं तो काव्य-रचना  
होजाते हैं |
                                                                     

सोमवार, 2 सितंबर 2013

रहन सहन एवं बलात्कार.......डा श्याम गुप्त ...

                                   ....कर्म की बाती,ज्ञान का घृत हो,प्रीति के दीप जलाओ...


 





               If  this is the situation, this is the innovation & pretty pictures & the same is taught, told & displayed in schools ..colleges & their functions.. then forget that rapes & crimes will be controlled in country and society....

                 यदि यह  वस्तुस्थिति  एवं यही नवीनता, नवीन वैचारिकता है जिसे  स्कूलों, कालेजों में यह सिखाया, पढ़ाया, बताया एवं  दिखाने व कार्यक्रमों का भाग होता रहा तो आप भूल जाएँ कि देश व समाज में बलात्कार, यौन शोषण एवं स्त्रियों के प्रति अपराध कम होंगे .....

                                                                   ---     चित्र -- टाइम्स ऑफ़ इंडिया