ब्लॉग आर्काइव

डा श्याम गुप्त का ब्लोग...

मेरी फ़ोटो
Lucknow, UP, India
एक चिकित्सक, शल्य-चिकित्सक जो हिन्दी हिन्दू हिन्दुस्तान व उसकी संस्कृति-सभ्यता के पुनुरुत्थान व समुत्थान को समर्पित है व हिन्दी एवम हिन्दी साहित्य की शुद्धता, सरलता, जन-सम्प्रेषणीयता के साथ कविता को जन-जन के निकट व जन को कविता के निकट लाने को ध्येयबद्ध है क्योंकि साहित्य ही व्यक्ति, समाज, देश राष्ट्र को तथा मानवता को सही राह दिखाने में समर्थ है, आज विश्व के समस्त द्वन्द्वों का मूल कारण मनुष्य का साहित्य से दूर होजाना ही है.... मेरी तेरह पुस्तकें प्रकाशित हैं... काव्य-दूत,काव्य-मुक्तामृत,;काव्य-निर्झरिणी, सृष्टि ( on creation of earth, life and god),प्रेम-महाकाव्य ,on various forms of love as whole. शूर्पणखा काव्य उपन्यास, इन्द्रधनुष उपन्यास एवं अगीत साहित्य दर्पण (-अगीत विधा का छंद-विधान ), ब्रज बांसुरी ( ब्रज भाषा काव्य संग्रह), कुछ शायरी की बात होजाए ( ग़ज़ल, नज़्म, कतए , रुबाई, शेर का संग्रह), अगीत त्रयी ( अगीत विधा के तीन महारथी ), तुम तुम और तुम ( श्रृगार व प्रेम गीत संग्रह ), ईशोपनिषद का काव्यभावानुवाद .. my blogs-- 1.the world of my thoughts श्याम स्मृति... 2.drsbg.wordpres.com, 3.साहित्य श्याम 4.विजानाति-विजानाति-विज्ञान ५ हिन्दी हिन्दू हिन्दुस्तान ६ अगीतायन ७ छिद्रान्वेषी ---फेसबुक -डाश्याम गुप्त

रविवार, 5 जनवरी 2014

बुराई की जड़ –कविता-- डा श्याम गुप्त ....

                               ....कर्म की बाती,ज्ञान का घृत हो,प्रीति के दीप जलाओ...



             आज  विश्व में हर क्षेत्र में भ्रष्टाचार का बोलबाला है...साथ ही  देश की राजनीति एवं   प्रत्येक क्षेत्र में उसके विरुद्धआवाजें भी उठ रही हैं जो एक अच्छा प्रतीक है ...मानवता के लिए ....परन्तु प्रत्येक बुराई का  ..अनीतिशास्त्र का वास्तविक मूल कहाँ है ...असीमित सुख की अभिलाषा....प्रस्तुत है एक कविता......

बुराई की जड़

प्रत्येक बुराई की जड़ है,
अति सुखाभिलाषा ;
जो ढूंढ ही लेती है
अर्थशास्त्र की नई परिभाषा;
ढूंढ ही लेती है
अर्थ शास्त्रं के नए आयाम ,
और धन आगम-व्यय के
नए नए व्यायाम |
और प्रारम्भ होता है
एक दुश्चक्र, एक कुचक्र -
एक माया बंधन -क्रम उपक्रम द्वारा
समाज के पतन का पयाम |
 
समन्वय वादी, तथा-
प्राचीन व अर्वाचीन से
नवीन को जोड़े रखकर,बुने गए-
नए नए तथ्यों, आविष्कारों, विचारों से होता है,
समाज-उन्नंत... अग्रसर |
पर, सिर्फ सुख अभिलाषा, अति सुखाभिलाषा-
उत्पन्न करती है, दोहन-भयादोहन,
प्रकृति का,समाज का, व्यक्ति का;
समष्टि होने लगती है, उन्मुख
व्यष्टि की ओर;
समाज की मन रूपी पतंग में बंध जाती है-
माया की डोर |
ऊंची, और ऊंची, और ऊंची
उड़ने को विभोर ;
पर अंत में  कटती है ,
गिरती है, लुटती है वह डोर-
क्योंकि , अभिलाषा का नहीं है, कोई-
ओर व छोर |

नायकों, महानायकों द्वारा-
बगैर सोचे समझे 
सिर्फ पैसे के लिए कार्य करना;
चाहे फिल्म हो या विज्ञापन ;
कर देता है-
जन आचार संहिता का समापन |
क्योंकि इससे उत्पन्न होता है
असत्य का अम्बार,
झूठे सपनों का संसार ;
और उत्पन्न होता है ,
भ्रम, कुतर्क, छल, फरेब, पाखण्ड का
विज्ञापन किरदार ,
एक अवास्तविक, असामाजिक संसार |

साहित्य, मनोरंजन व कला-
जब धनाश्रित होजाते हैं;
रोजी रोटी का श्रोत , व-
आजीविका बन जाते हैं ;
यहीं से प्रारम्भ होता है-
लाभ का अर्थ शास्त्र,
लोभ व धन आश्रित अनैतिकता की जड़ का ,
नवीन लोभ-कर्म नीति शास्त्र , या--
अनीति शास्त्र ||



शुक्रवार, 3 जनवरी 2014

हम्पी बादामी यात्रा वृत्त - अंक-१..पूर्व वृत्त........डा श्याम गुप्त.....

                                  ....कर्म की बाती,ज्ञान का घृत हो,प्रीति के दीप जलाओ...



               हम्पी बादामी जोगफाल्स होन्नेमराडू यात्रा वृत्त ..

                            पूर्व-वृत्त......

      ( हम भारतीय पृथ्वी पर प्राचीनतम मानव-सभ्यता की संतान हैं, हमें अपनी सभ्यता, संस्कृति एवं इतिहास पर गर्व होना चाहिए | ब्रिटिश राज्य के युग में हम हीनता की ग्रंथि के शिकार होगये जिसने हमारी प्रगति एवं नवीन तथ्यों की खोज व ज्ञान प्राप्ति की इच्छा पर अंकुश लगा दिया था| अब हमारे युवा एवं शिक्षित महिला –पुरुष जो स्वतंत्र भारत में पले व बढे हैं उन्हें सही तथ्यों को खोजकर, जानकर व उजागर करके स्वयं को एवं देश को गौरवान्वित करना चाहिए....


            "बहुत खोचुके, अब तो समझें कि ज़िंदा कौम हैं हम,

             जिसे देश की मिट्टी पे मिटने की बुरी आदत है |

             दुनिया फिर चलेगी तेरे नक़्शे-कदम पे श्याम,

             नव-सृजन के गीत तुझे गढ़ने की बुरी आदत है | ".....डा श्याम गुप्त.... )


         भारत में किसी भी स्थान के वर्णन हेतु प्रायः उसके प्राक-एतिहासिक, पौराणिक, एतिहासिक एवं आधुनिक महत्त्व की दृष्टि का आधार लेना पड़ता है | विश्व के प्राचीनतम पठार, भारतीय दक्षिण-पठार पर स्थित  हम्पी ...जिसके आज सिर्फ अवशेष ही बचे हैं ....प्राचीन भारत में तत्कालीन विश्व के सबसे शक्तिशाली एवं समृद्धतम साम्राज्य ‘विजय नगर’ जो रोम से भी अधिक समृद्ध था, जहां की गलियों में हीरे-जबाहरात की बिक्री खुले आम हुआ करती थी, की राजधानी है | यह भारत के कर्नाटक राज्य ( प्राचीन कुंतल देश ) के उत्तरी भाग बेल्लारी जिले में तुंगभद्रा नदी के दक्षिणी तट पर स्थित है |
            यहाँ तुन्गभद्रा नदी के उत्तर में स्थित विजय नगर साम्राज्य की प्राचीन राजधानी अनेगुंडी ग्राम पृथ्वी पर स्थित प्राचीनतम स्थल है जिसे ४००० मिलियन वर्ष प्राचीन माना गया है | अतः यहाँ के ग्रामवासियों के अनुसार यह क्षेत्र ...भूदेवी, अर्थात पृथ्वी माता का मातृ-स्थल है | यह विश्व के उन विरले स्थलों में है जहां पूर्व, मध्य व नव-पाषाण युग (Micro, Mega and Neolithic age ) तीनों युगों के गुफा-मानव-निवास स्थल पाए जाते हैं| यहाँ स्थित हनुमानजी का जन्मस्थल अंजनेय पर्वत के समीप पाषाणकालीन गुफा-मानव के गुफा-निवास स्थल, गुहा-चित्र, शिला उत्कीर्णन व शिला-चित्र एवं मृतक समाधि-स्थल पाए गए हैं| यह स्थल उतना ही प्राचीन है जितना स्वयं पृथ्वी ग्रह |
              वस्तुतः यह रामायण में वर्णित पम्पाक्षेत्र है | जहां ब्रह्माजी की पुत्री पम्पा ( तुंगभद्रा नदी का प्राचीन नाम पम्पा नदी है) का विवाह शिव से हुआ था एवं विवाह पूर्व कामदेव का दहन भी यहीं स्थित मन्मथ सरोवर के समीप हुआ था| हम्पी, पम्पा का ही बिगड़ा हुआ रूप है| अनेगुंडी रामायण प्रसिद्द वानरराज बाली की राजधानी किष्किन्धा है जहां  सीताहरण पश्चात हेमकूट पर्वत श्रेणी व ऋष्यमूक पर्वत के समीप  राम-हनुमान-सुग्रीव मिलन हुआ था | शबरी के गुरु ऋषि मातंग का प्रसिद्द मातंग पर्वत  गंधमादन पर्वत व माल्यवंत पर्वत भी यहीं हैं जहाँ राम-लक्ष्मण ने वर्षा का काल व्यतीत किया था | ये सभी पर्वत, काल-क्षरित व घर्षित नग्न-शिलाओं ( बोल्डर्स ) वाले पर्वत हैं जो अति-प्राचीनता की कथा कहते प्रतीत होते हैं| 
                'पत्थर हैं पत्थर-दिल नहीं इतिहास से भरपूर हैं, 

                आइये सुनिए तो जीवन-गीत से पुरनूर हैं | '

     हम्पी के समीप ही दोरजी-भालू संरक्षण स्थल ( बीअर सैंक्चुअरी---Daroj bear sanctuary  )  

है जो संभवतः ऋक्षराज जाम्बवंत का क्षेत्र रहा होगा | जब राम की सेना ने हम्पी से लंका के लिए 

प्रस्थान किया तो उनकी ऋक्षराज जाम्बवंत से भेंट हुई जो राम की सेना में साथ होगये |

               महाभारत युग में यहाँ के वानर नरेश मयंद व द्विद को युधिष्ठिर के राजसूय यज्ञ हेतु सहदेव ने युद्ध में परास्त किया था |

           हम्पी से लगभग १५० किमी दूर बागलकोट जिले में स्थित चालुक्य साम्राज्य की प्राचीन राजधानी बादामी ( प्राचीन वातापी... अगस्त्य मुनि का स्थल-....अगस्त्य द्वारा वातापी असुर का वध स्थल ), पत्तदकल ( प्राचीन-पट्टशिलापुर... जहां शिव ने अंधकासुर का वध किया था ) एवं ऐहोल (अहि-होले, आर्यवोले या आर्यपुरा .... जहां भगवान परशुराम ने २१ बार क्षत्रियों का विनाश करके अपना फरसा धोया था) जैसे प्राचीनतम स्थल हैं| मानव-सभ्यता की सबसे प्राचीन कालोनी–व्यवस्था ‘अग्रहारम’ भी यहाँ पाई गयी है, जिसमें एक स्थान के दोनों ओर पंक्तियों में निवास स्थान होते हैं एवं एक सिरे पर एक देवस्थान |

              शायद यह हमारे पाषाणयुगीय वंशज का वह स्थल है जहाँ जहां मानव ने प्रथम बार पृथ्वी पर कदम रखा ......मानव का अपने वंशज ..वानर-कपि से--> वानर-नर से--> नर-वानर --> से नर ( मानव) ...का क्रमिक उद्भव हुआ......जो ऐहोले ( आर्यहोल, आर्यपुरा) में सभ्य मानव...आर्य... उपाधि प्राप्त करके समस्त विश्व में फैला  |
           
            जोग फाल्स ----कर्नाटक के शिमोगा जिला में भारत में दूसरे सबसे ऊंचाई से गिरने वाले झरने हैं इसे गैरूसोप्पा झरने भी कहा जाता है यह सर्वोच्च लगातार बहने वाला झरना है जो सीधा-सीधा नीचे गिरता है बिना किसी चट्टान से छूते हुए एवं होन्नेमराडू श्रावती नदी के बैक-वाटर्स में एक पर्यटन केंद्र है |



                             यह यात्रा वृत्त निम्न भागों में वर्णन किया जायगा.....
१.अनेगुंडी –पम्पासर क्षेत्र
२. हम्पी
३. बादामी
४. पत्तदकल
५. ऐहोल
६. जोगफाल्स व होन्नेमराडू

                    ---क्रमशः यात्रा-वृत्तांत भाग एक...अनेगुंडी ( पम्पा-क्षेत्र )...अगले अंक में....
 

बुधवार, 1 जनवरी 2014

भारतीय राजनीति के आकाश में नारियों का योगदान ....डा श्याम गुप्त

                                  ....कर्म की बाती,ज्ञान का घृत हो,प्रीति के दीप जलाओ...

             भारतीय राजनीति के आकाश में नारियों का योगदान

            यूं तो पुरा-काल, वैदिक काल से लेकर अब तक मानव समाज के अर्धांश भाग- नारी, का समाज के प्रत्येक क्षेत्र में अतुलनीय व असीम योगदान से कोई अनभिज्ञ नहीं है |  परन्तु इस आलेख का विषय-क्षेत्र मूल रूप से राजनीति की विसात पर नारियों के तप,  त्याग, बलिदान एवं सक्रिय कर्तत्व पर प्रकाश डालना है|

           पुरा युग जो मानव के विकास व प्रगति का आदिम युग था जिसमें देवों, उपदेव जातियों, दैत्यों व मानवों के विविधि सामाजिक रूप व आपसी सम्बन्ध थे | यहाँ पार्वती एवं सरस्वती ऐसे दो विशिष्ट नाम हैं | संसार की समस्त सभ्यता, नियम, नीति-निर्देश व व्यवहार के प्रदाता वेदों के प्रसार व नियामक एवं अथर्ववेद की रचना कराने वाले भगवान शिव की पत्नी व सलाहकार पार्वती, रणकौशल से युक्त, नीतिज्ञ व शास्त्र-कुशल थीं, जिन्होंने विविध रूपों में युद्धों के सक्रिय संचालन एवं नीति-कुशलता से देवों, दैत्यों व मानवों की प्रगति में सहयोग दिया व प्रत्येक स्तर पर आसुरी शक्तियों का विनाश किया | इसीलिये शिव के ब्रह्म रूप के साथ पार्वती को प्रकृति व आदि-शक्ति कहा गया |

            गन्धर्वों-विद्याधरों द्वारा वेदों के अपहरण पर 'सरस्वती' ने वेदों को पुनर्प्राप्ति हित देवताओं को नीति-कौशल सुझाया कि वे स्त्री लोभी गन्धर्वों-विद्याधरों से उनके बदले वेद प्राप्त करलें तत्पश्चात मैं पुनः देवों के पास लौट आऊँगी | इस प्रकार देवों को धार्मिक एवं राजनैतिक संकट से उबारा गया |

            विश्व की सर्वप्रथम अय्यार,जासूस, डिटेक्टिव, खोजी ...इंद्र की बहन सरमा  ने पणियों द्वारा बृहस्पति की गायों को चुराकर छुपाने के प्रकरण में अपनी कूटनीति व खोजी ज्ञान द्वारा गायों के छुपे होने के स्थान का पता लगाया, तत्पश्चात पणि-समूह का विनाश करके इंद्र द्वारा गायों को पुनः प्राप्त किया गया | 

           तत्कालीन भारत सम्राट महाराज शर्याति की पुत्री, अप्रतिम सौन्दर्य की मलिका सुकन्या ने अपनी भूल व असावधानी से उत्पन्न राजनैतिक संकट से अपने गृह-राज्य व पिता को उबारा | वृद्ध च्यवन ऋषि से विवाह करके एवं जीवन भर उनकी सेवा-श्रुशूषा द्वारा उन्हें पुनः यौवन प्राप्त भी कराया |

           त्रेता युग में कैकेयी, उर्मिला, सीता, मंथरा का राजनैतिक महत्त्व किसी से छुपा नहीं है | शस्त्र-शास्त्र कुशल, नीतिज्ञ कैकेयी ने देवासुर संग्राम में महाराज दशरथ को पराजय से बचाया | वशिष्ठ व राम के साथ कैकेयी की मंत्रणा ही थी जो शक्ति का ध्रुवीकरण करके रावण की पराजय व भारतीय दक्षिणी भूभाग को विजित करने हेतु राम-वनवास का प्रारूप बनी | इस पूरे प्रकरण में प्रत्येक स्तर पर सीता का तप, त्याग, बलिदान की अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका रही|  पहले सीता-हरण ( कहीं कहीं रावण का वध भी आदि-शक्ति रूप में सीता द्वारा ही किया गया वर्णित है ) फिर अयोध्या परित्याग प्रकरण में लव-कुश के द्वारा अयोध्या के निकट स्थित सबसे बड़े शक्ति-केंद्र वाल्मीकि -आश्रम की समस्त शक्तियों को अयोध्या के हेतु प्राप्त करके अयोध्या को पूर्ण निरापद बनाने में राम की कूटनीति में सहायक होना | इस सब में उर्मिला का लक्ष्मण के साथ न जाकर उन्हें देश-समाज हेतु पूर्ण रूप से मुक्त रखने में किये गए तप-त्याग, रावण के भारतीय विजित प्रदेश दक्षिणी भूभाग एवं उत्तरीय भूभाग की सीमा पर स्थित रक्षिका व सेनापति रूप ताड़का का राजनैतिक वर्चस्व तथा रावण द्वारा पति-ह्त्या की आग में जलती रावण की बहन शूर्पणखा  का रावण को दंड दिलाने हेतु किये गए कृत्य के राजनैतिक महत्त्व को अनदेखा नहीं किया जा सकता |

          द्वापर में भीष्म की शक्ति व कुरुवंश की राजनैतिक शक्ति के बल पर गांधारी की बलि, जिसने महाभारत के युद्ध की पृष्ठभूमि तैयार की | अम्बा, अम्बालिका व अम्बिका के बलपूर्वक हरण पर अम्बा द्वारा भीष्म से बदली का संकल्प भी राजनीति की बसात पर नारी के बलिदान की कहानी है|  द्रौपदी द्वारा दुर्योधन का उपहास एवं चीरहरण के पश्चात उसका संकल्प महाभारत युद्ध एवं पांडवों को श्रीकृष्ण के सहयोग का मूल कारण ही बना जिसने देश के साथ-साथ विश्व राजनीति एवं इतिहास की दिशा ही बदल दी|

          राधा  के महान त्याग जिसने असीम विरह वेदना सहकर भी प्रेम को बंधन न बनाकर,  कृष्ण को प्रेम-बंधन में न बांधकर अपितु अपने प्रेम को उनकी शक्ति बनाकर मथुरा जाने के लिए प्रेरित किया एवं कर्म से विरत न होने का सन्देश दिया | जिसका ब्रज, पूरे भारत एवं विश्व की राजनीति पर दूरगामी प्रभाव हुआ| जिसे युगों-युगों तक याद किया जाता रहेगा| जिसके कारण कृष्ण, श्रीकृष्ण व भगवान् श्रीकृष्ण हुए एवं गीता के कर्म-योग का ज्ञान विश्व को प्राप्त हुआ|  इसी प्रेम व कर्म के कर्तत्व के कारण राधा, श्रीकृष्ण के साथ युगल रूप में पूज्या बनीं, जो विश्व सभ्यता व संस्कृति के इतिहास में एक अनुपम व अतुलनीय उदाहरण है|

       अर्वाचीन काल में शिवाजी की माता जीजाबाई का राजनैतिक प्रभाव व महत्त्व किससे छुपा है| अहल्याबाई होल्कर, महारानी लक्ष्मीबाई, रानी चेनम्मा के शस्त्रों की झनकार, जोधाबाई का वलिदान, पन्ना धाय का त्याग की राजनैतिक बिसात का कम महत्त्व नहीं है |

         आधुनिक युग में नेताजी सुभाष बोस की झांसी रानी रेजीमेंट की केप्टन लक्ष्मी सहगल, स्वतंत्रता संग्राम की राजनीति में श्रीमती सरोजिनी नायडू, विजय लक्ष्मी पंडित, सुचेता कृपलानी आदि का नाम कौन नहीं जानता |

        स्वतन्त्रता पश्चात काल में प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी की राजनैतिक शक्ति का पूरे विश्व में डंका बजा | आज न जाने कितनी महिलायें मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक, राजनयिक, ग्राम-प्रधान आदि बनाकर देश की राजनीति में अपना वर्चस्व कायम किये हुए हैं, इसे सम्पूर्ण विश्व देख व जान  रहा है |